मुजफ्फरनगर। रुड़की रोड स्थित एसीएन अस्पताल में प्रसव के दौरान नवजात की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मामले की जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल पहुंचकर जांच की। इस दौरान दस्तावेजों में कमियां मिलने पर अस्पताल का ऑपरेशन थियेटर सील कर दिया गया।तितावी क्षेत्र के लद्वावाला निवासी अन्नस की पत्नी नाजमीन को मंगलवार शाम प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब चार बजे प्रसव के दौरान बच्चा फंस गया। आरोप है कि चिकित्साकर्मियों ने मशीन की मदद से बच्चे को निकालने का प्रयास किया, लेकिन नवजात की मौत हो गई।परिजनों का आरोप है कि प्रसव के दौरान अस्पताल में जरूरी चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं। उन्होंने यह भी कहा कि आपात स्थिति में सर्जन मौजूद नहीं था। नवजात की मौत के बाद महिला को दूसरे अस्पताल में भेज दिया गया। घटना से नाराज परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर हंगामा किया और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।मामले की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम अस्पताल पहुंची और वहां के दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान कुछ अभिलेख अधूरे मिले। डॉक्टर के पंजीकरण से संबंधित कागजात भी टीम के सामने प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए अस्पताल का ऑपरेशन थियेटर सील कर दिया।