मुजफ्फरनगर। भौराकलां थाना क्षेत्र में आईटीआई परिसर स्थित शिव मंदिर के पुजारी स्वामी देवानंद भारती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो हमलावर वारदात के बाद फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हत्यारों की तलाश के लिए तीन टीमें बनाई हैं।जानकारी के अनुसार, मंगलवार को मोटरसाइकिल सवार दो युवक मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर के बाहर से पुजारी को आवाज लगाई। कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज सुनाई दी। पास के आवासीय क्वार्टर में मौजूद प्रांतीय रक्षक दल का जवान आवाज सुनकर मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक हमलावर भाग चुके थे। गोली लगने से पुजारी की मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों से घटना की जानकारी ली और आरोपियों को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए।पुलिस ने फोरेंसिक टीम और खोजी कुत्तों की मदद से घटनास्थल की जांच कराई। मौके से एक गोली मिलने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।स्वामी देवानंद भारती की उम्र 81 वर्ष थी। वह मूल रूप से ग्वालियर के रहने वाले थे और सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद शिव मंदिर में पुजारी का काम कर रहे थे।पुलिस हत्या के पीछे की वजह पता लगाने में जुटी है। पुरानी रंजिश और किसी परिचित की भूमिका समेत कई पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए तीन टीमें लगाई हैं। फिलहाल हत्या की वजह और हमलावरों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है।