लखनऊ। लखनऊ में सोमवार को चबूतरा बनाने को लेकर हुए विवाद में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में रिटायर्ड सचिवालय कर्मचारी शिवाजी तिवारी, उनके बेटे सुयश तिवारी और भाई शंभू तिवारी शामिल हैं। घटना सआदतगंज थाना क्षेत्र के नौबस्ता इलाके की है।जानकारी के अनुसार, शिवाजी तिवारी अपने घर के पास बरगद के पेड़ के नीचे चबूतरा बनवाना चाहते थे। पड़ोस में रहने वाला परिवार इसका विरोध कर रहा था। सोमवार को इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। इसके बाद विवाद बढ़ा और मारपीट होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष की ओर से गोलियां चला दी गईं।गोली लगने से शिवाजी तिवारी और उनके बेटे सुयश की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल शंभू तिवारी को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनकी भी मौत हो गई। सुयश बिजली के सामान का कारोबार करते थे।पुलिस के अनुसार, चबूतरा बनाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।