सहारनपुर। गंगोह क्षेत्र में रविवार को हुए सड़क हादसे में मदरसे के एक छात्र की जान चली गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में आगे चल रही थार के अचानक रुकने से उनकी बाइक पीछे से टकरा गई। हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।हादसा नकुड़ रोड पर मेघन माजरा गांव के पास हुआ। बाढ़ीमाजरा निवासी अनस (19) अपने चचेरे भाई शादाब के साथ गंगोह स्थित मदरसे से पढ़ाई कर घर लौट रहा था। शादाब के मुताबिक, उनके आगे चल रही थार के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। बाइक सवार संभल पाते, इससे पहले ही उनकी बाइक थार के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना पर पहुंचे परिजन दोनों को सीएचसी गंगोह ले गए। वहां चिकित्सकों ने अनस को मृत घोषित कर दिया, जबकि शादाब की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।अनस चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके पिता शाहिद खेतीबाड़ी करते हैं। अनस नियमित रूप से मदरसे में पढ़ाई करने जाता था और मौलवियत की शिक्षा हासिल कर रहा था। अगले साल उसकी पढ़ाई पूरी होने वाली थी। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।उधर, पुलिस ने हादसे में शामिल थार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।