मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान ड्यूटी में लापरवाही बरतने और निरीक्षण के समय अनुपस्थित पाए जाने पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने आठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों से दो दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी की ओर से जारी नोटिस के अनुसार कांवड़ यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर अधिकारियों की ड्यूटी कानून-व्यवस्था एवं व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए लगाई गई थी। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर मौजूद नहीं मिले। इसे शासन की प्राथमिकता वाले आयोजन के प्रति गंभीर लापरवाही माना गया है।जिन अधिकारियों और कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है, उनमें विनोद कुमार डाबरा (प्राविधिक सहायक, भूमि संरक्षण), कमलेश बाबू (खंड शिक्षा अधिकारी, पुरकाजी), धर्मेंद्र कुमार (सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी), तरुण कुमार (प्राविधिक सहायक, भूमि संरक्षण), राहुल सिंह तेवतिया (जिला कृषि अधिकारी), ओम हरि उपाध्याय (जिला पूर्ति अधिकारी), अभिनव राज (प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी) तथा संजय सिसोदिया (जिला गन्ना अधिकारी) शामिल हैं।जिलाधिकारी ने नोटिस में कहा है कि इस प्रकार की कार्यशैली से प्रतीत होता है कि संबंधित अधिकारी शासन के अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन के प्रति अपेक्षित गंभीरता नहीं बरत रहे हैं। इसे उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना तथा प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही माना जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group