मुजफ्फरनगर में श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, व्यवस्थित और निर्विघ्न संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बुढाना क्षेत्र में कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के समय क्षेत्राधिकारी बुढाना गजेंद्र पाल सिंह, थाना प्रभारी सुभाष अत्री सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने चौधरी चरण सिंह तिराहे पर स्थापित अस्थायी कांवड़ पुलिस चौकी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने चौकी पर तैनात पुलिस बल को ड्यूटी पूरी सतर्कता, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ निभाने के निर्देश दिए। साथ ही कांवड़ यात्रियों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया।जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान शासन की ओर से जारी सभी सुरक्षा मानकों और दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। कांवड़ मार्ग पर लगातार भ्रमण करते हुए प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जाए और किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं।दोनों अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के साथ शालीन एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार बनाए रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि जनपद से गुजरने वाले प्रत्येक कांवड़ यात्री को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का वातावरण उपलब्ध कराया जाए।