गाजियाबाद। टीला मोड़ थाना पुलिस ने नवजात बच्चों की कथित खरीद-फरोख्त से जुड़े मामले में सात आरोपितों को गिरफ्तार कर तीन माह के बच्चे को सकुशल बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपितों में पांच पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। बच्चे को आवश्यक कार्रवाई के बाद उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 11 अगस्त को फर्रुखान ने टीला मोड़ थाने में शिकायत दी थी कि नौ अगस्त को उसका तीन माह का बेटा अल्तमश नौशाद और उसकी पत्नी रुखसार अपने साथ ले गए हैं। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी।
बच्चे की बरामदगी के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी जुटाई गई। पुलिस की जांच में कुछ संदिग्ध गतिविधियों के सामने आने के बाद आरोपितों की तलाश तेज कर दी गई।
लगातार प्रयास के बाद बुधवार को पुलिस टीम ने हिंडन नदी चौकी क्षेत्र के फर्रुखनगर से सात आरोपितों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर तीन माह के अल्तमश को बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचा दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपितों का एक समूह कथित रूप से नवजात बच्चों की जानकारी जुटाकर उन्हें दूसरे लोगों तक पहुंचाने की तैयारी करता था। जांच में यह भी पता चला कि महिलाओं की मदद से ऐसे परिवारों की जानकारी जुटाई जाती थी, जिनके घर नवजात या छोटे बच्चे होते थे।
पुलिस के अनुसार, अल्तमश को भी कथित तौर पर दूसरे स्थान पर ले जाकर बेचने की तैयारी थी। जांच में बच्चे को कंधला, शामली ले जाने की बात सामने आई है। इससे पहले पुलिस ने कार्रवाई कर बच्चे को बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान फैजल, नौशाद, नागेंद्र, नसीम, आबिद, सुमित्रा और रुखसार के रूप में हुई है। पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और बच्चों की कथित खरीद-फरोख्त के नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group