मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के गांव छछरौली मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल ने साथियों की मदद से घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।जानकारी के अनुसार थाना भोपा क्षेत्र के नया गांव मजलिसपुर तौफीर निवासी राजन बाइक से जा रहा था। इसी दौरान छछरौली मार्ग पर अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में राजन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।इसी दौरान जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल अपने साथियों के साथ भोकरहेड़ी से अपने आवास की ओर जा रहे थे। उन्होंने घायल युवक को सड़क पर पड़ा देखा तो तत्काल रुककर उसके परिजनों को हादसे की सूचना दी और घायल को उपचार के लिए सीएचसी भोकरहेड़ी पहुंचाया।सीएचसी में चिकित्सकों ने घायल की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाते हुए अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।