कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र में मामी से कथित प्रेम संबंध के चलते एक भांजे द्वारा अपने मामा की हत्या की साजिश रचने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी कृष्णा गुप्ता को चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी मामा की हत्या करने के इरादे से हथियार लेकर उसके घर तक पहुंचा था, लेकिन वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हो सका।पुलिस के मुताबिक फतेहपुर के बिंदकी निवासी कृष्णा गुप्ता का अपने मामा बृजेश की पत्नी मानसी गुप्ता से करीब दो वर्ष से कथित प्रेम संबंध था। इसकी जानकारी होने पर बृजेश ने कृष्णा का विरोध किया था। आरोप है कि इसी विवाद में बृजेश ने कृष्णा की पिटाई भी की थी और बाद में उसे मारने के लिए कुल्हाड़ी खरीदने की बात सामने आई।बताया गया कि मामी मानसी ने कृष्णा को इस संबंध में जानकारी दे दी थी। इसके बाद कृष्णा ने कथित तौर पर अपने मामा की हत्या करने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार वह तमंचा और कारतूस लेकर मोटरसाइकिल से मामा के घर पहुंचा, लेकिन वहां हत्या की वारदात को अंजाम नहीं दे सका।इसके बाद कृष्णा मोटरसाइकिल से वापस फतेहपुर की ओर जा रहा था। स्वतंत्रता दिवस के चलते पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में मोटरसाइकिल सवार युवक को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, जिस पर टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।तलाशी लेने पर कृष्णा के पास से 315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में पुलिस के सामने मामा की हत्या की कथित साजिश और मामी से प्रेम संबंध की बात सामने आई। पुलिस ने मामले में महाराजपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की।पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस टीम की कार्रवाई पर 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा भी की गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group