मुजफ्फरनगर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश और जिला प्रशासन के निर्देश पर हर घर तिरंगा महोत्सव के अंतर्गत क्रास कंट्री दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बालक वर्ग के लिए पांच किलोमीटर और बालिका वर्ग के लिए तीन किलोमीटर की दौड़ कराई गई। प्रतियोगिता में 54 बालकों और 22 बालिकाओं समेत कुल 76 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।प्रतियोगिता का शुभारंभ एआरटी (प्रशासन) अजय मिश्रा, उपक्रीड़ाधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव और उपक्रीड़ाधिकारी पूनम विश्नोई ने हरी झंडी दिखाकर किया। दौड़ में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। वरिष्ठ बालक वर्ग में विवेक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कनिष्ठ बालक वर्ग में आर्यन विजेता रहे। वरिष्ठ बालिका वर्ग में मधु और कनिष्ठ बालिका वर्ग में दिव्या ने प्रथम स्थान हासिल किया।समापन समारोह में बालक वर्ग के विजेता खिलाड़ियों को अजय मिश्रा और भूपेंद्र सिंह यादव ने पुरस्कार प्रदान किए। बालिका वर्ग की विजेताओं को जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत, अवेक्षा कपूर और उपक्रीड़ाधिकारी पूनम विश्नोई ने संयुक्त रूप से सम्मानित किया। नेहरू युवा केंद्र मुजफ्फरनगर और चौहारी स्पोर्ट्स के सहयोग से खिलाड़ियों को पदक भी प्रदान किए गए।कार्यक्रम में खिलाड़ियों और अतिथियों का स्वागत बैज एवं पुष्पगुच्छ देकर किया गया। विभिन्न खेलों से जुड़े वरिष्ठ खिलाड़ियों ने भी अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान उपक्रीड़ाधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव ने खिलाड़ियों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और देशभक्तों के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों की जानकारी दी। उन्होंने खेल, पर्यावरण, परिवार कल्याण, राष्ट्रीय बचत और साक्षरता समेत विभिन्न जनोपयोगी योजनाओं के बारे में भी बताया।कार्यक्रम के दौरान स्टेडियम परिसर में पौधारोपण भी किया गया। पुरस्कार वितरण के बाद अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया। खिलाड़ियों और उपस्थित गणमान्य लोगों को मिष्ठान वितरित किया गया।प्रतियोगिता के आयोजन में पुलिस और चिकित्सा विभाग का भी सहयोग रहा। कार्यक्रम में जिला क्रिकेट संघ के संयुक्त सचिव गुलपाल सिंह, शूटिंग के सचिव पवन कुमार, वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी रोशनलाल, कुश्ती प्रशिक्षक प्रदीप कुमार, कबड्डी प्रशिक्षक संदीप कुमार, वुशू प्रशिक्षक मनीष शर्मा, कयाकिंग एवं कैनोइंग प्रशिक्षक रवि सिंह, एथलेटिक्स प्रशिक्षक सुशील कुमार व विकास सैनी, वरिष्ठ क्रिकेट खिलाड़ी अंकुर कुमार, भावना मलिक सहित खेल विभाग के कर्मचारी और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उपक्रीड़ाधिकारी पूनम विश्नोई ने किया।