मुजफ्फरनगर। अपराधियों के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान के बीच खतौली पुलिस ने एक ऐसे शातिर अपराधी को दबोचने में सफलता हासिल की है, जो लंबे समय से कानून की आंखों में धूल झोंक रहा था। गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे समीर उर्फ बिड्डू को पुलिस ने गंगनहर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी पर लूट, चोरी, अवैध हथियारों की सप्लाई और संगठित अपराध से जुड़े कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस सूत्रों के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर जिलेभर में अपराधियों और गैंगस्टर एक्ट के आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत खतौली पुलिस को सूचना मिली कि मेरठ निवासी एक कुख्यात बदमाश क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के बाद थाना प्रभारी दिनेश चन्द्र बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई और गंगनहर स्थित अलकनंदा पुल के आसपास निगरानी बढ़ा दी गई।बताया गया कि संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर पुलिस ने एक युवक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह मौके से भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम समीर उर्फ बिड्डू पुत्र कय्यूम निवासी खुशहाल नगर, मेरठ बताया।जांच में सामने आया कि आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ मेरठ के अलग-अलग थानों में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 37 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी अवैध हथियारों की सप्लाई और आपराधिक गिरोह से जुड़े मामलों में भी सक्रिय रहा है। गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज होने के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group