कानपुर। शहर में मंगलवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवती अपने प्रेमी की रिहाई की मांग को लेकर पुलिस कमिश्नर कार्यालय के पीछे स्थित वायरलेस टावर पर चढ़ गई। करीब 50 फीट ऊंचे टावर पर पहुंची युवती ने नीचे खड़ी पुलिस टीम को चेतावनी दी कि यदि उसके प्रेमी को जेल से बाहर नहीं लाया गया तो वह छलांग लगाकर आत्महत्या कर लेगी। घटना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।सूचना मिलते ही एडिशनल पुलिस कमिश्नर विपिन ताडा, डीसीपी मुख्यालय दिनेश चंद्र त्रिपाठी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने युवती को शांत कराने और नीचे उतारने के लिए काफी देर तक बातचीत की, लेकिन वह लगातार अपने प्रेमी को सामने बुलाने की मांग करती रही। करीब एक घंटे तक चले इस घटनाक्रम के चलते इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामला पिछले वर्ष दर्ज हुए एक अपहरण और पॉक्सो एक्ट के मुकदमे से जुड़ा हुआ है। सचेण्डी थाना क्षेत्र निवासी युवती के परिजनों ने अक्टूबर 2025 में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बाद में पुलिस ने युवती को बरामद करते हुए बिठूर निवासी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर युवक के खिलाफ अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। हालांकि युवती लगातार यह दावा कर रही है कि उसने युवक से आर्य समाज मंदिर में विवाह किया है और वह उसका पति है।मंगलवार को युवती अदालत में बयान दर्ज कराने के लिए अपनी मां के साथ पहुंची थी। इसी दौरान वह अचानक पुलिस कार्यालय के पीछे बने वायरलेस टावर पर चढ़ गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी और युवती को किसी तरह शांत करने का प्रयास शुरू किया।आखिरकार पुलिस युवक को न्यायालय से मौके पर लेकर पहुंची। जैसे ही युवती ने अपने प्रेमी को नीचे खड़ा देखा, वह टावर से नीचे उतर आई। नीचे आते ही वह युवक से लिपटकर रोने लगी। इसके बाद पुलिस ने युवती को सुरक्षित हिरासत में लेकर काउंसलिंग के लिए भेज दिया, जबकि युवक को पुनः न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।घटना के चलते काफी देर तक पुलिस कमिश्नर कार्यालय के आसपास भीड़ लगी रही। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में विधिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group