मेरठ। मवाना थाना क्षेत्र में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतका के पति और सास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दोनों आरोपियों को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर पकड़ा। मामले में दहेज हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।जानकारी के अनुसार रामबाग निवासी नरेंद्र रहेजा ने अपनी पुत्री नविशा उर्फ राधिका की शादी हस्तिनापुर रोड स्थित काबली गेट निवासी अनमोल खेड़ा उर्फ प्रिंस के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति अनमोल खेड़ा और उसकी मां किरण खेड़ा अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर नविशा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।परिजनों के मुताबिक 10 मई को नविशा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को जहर देकर मारा गया है। मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद मृतका के पिता की तहरीर पर पति, सास समेत अन्य लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया गया। प्रभारी निरीक्षक ब्रह्म कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अनमोल खेड़ा और उसकी मां किरण खेड़ा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group