मुजफ्फरनगर। शहर के रामलीला टिल्ला क्षेत्र में चल रहे नाला निर्माण कार्य का गुरुवार को प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए तथा गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो।करीब सत्रह करोड़ रुपये की लागत से कराए जा रहे इस निर्माण कार्य के निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मौके पर पहुंचकर नाले की खुदाई, निर्माण सामग्री, तकनीकी मानकों और कार्य की गति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने नाले के साथ-साथ सड़क निर्माण कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से कार्य की निगरानी करने और किसी भी बाधा का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा।निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य में लापरवाही पाई गई तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस दौरान भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के कई लोग मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र की समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।