मेरठ। मेरठ-हापुड़ हाईवे पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। हादसे में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जागृति विहार मंडल अध्यक्ष विशांत त्यागी समेत तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।बताया गया है कि मेडिकल थाना क्षेत्र की उत्तराखंड कॉलोनी निवासी विशांत त्यागी अपने मित्रों लवी, मिथुन और ललित चौहान के साथ बुलंदशहर जनपद के स्याना क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात चारों युवक कार से मेरठ लौट रहे थे। इसी दौरान हापुड़ मार्ग पर उनकी कार किसी तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा बेहद भयावह था। दुर्घटना के बाद आसपास से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस के पहुंचने तक कार में सवार तीन युवकों की मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान विशांत त्यागी, लवी और मिथुन के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल ललित चौहान को तत्काल मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक उनकी हालत नाजुक बता रहे हैं।जानकारी के अनुसार लवी और ललित चौहान मूल रूप से स्याना क्षेत्र के निवासी थे और मेरठ में विशांत त्यागी के साथ मिलकर नवजीवन हॉस्पिटल का संचालन कर रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों की चीख-पुकार सुन हर आंख नम हो उठी। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग भी वहां पहुंचे और शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group