मुजफ्फरनगर। जनपद में अवैध रूप से संचालित चिकित्सीय संस्थानों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। शुक्रवार को खतौली क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विशेष जांच अभियान चलाकर कई क्लिनिक, नर्सिंग होम और पैथोलॉजी केंद्रों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान आवश्यक अभिलेख और वैध पंजीकरण न मिलने पर दो संस्थानों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की गई।जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में ब्लॉक प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवनीश कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न स्थानों पर जांच की। अधिकारियों ने बताया कि मोहल्ला इस्लामाबाद भूड़ स्थित एक जच्चा-बच्चा नर्सिंग होम तथा ग्राम गंगधाड़ी में संचालित एक क्लिनिक पर निरीक्षण के दौरान वैध पंजीकरण, शैक्षिक योग्यता और संचालन से संबंधित आवश्यक अभिलेख नहीं मिले।जांच टीम ने संचालकों से दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर नियमानुसार नोटिस जारी करते हुए दोनों संस्थानों को सील कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बिना अनुमति और मानकों के विपरीत संचालित चिकित्सीय संस्थानों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।अधिकारियों ने कहा कि अवैध रूप से चल रहे अस्पताल और क्लिनिक आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध रूप से अस्पताल, पैथोलॉजी केंद्र या क्लिनिक संचालित होते दिखाई दें तो इसकी शिकायत प्रशासन को करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित चिकित्सीय संस्थानों में हड़कंप का माहौल बना हुआ है।