लखनऊ। राजधानी के चिनहट क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। पत्नी के चरित्र पर शक करने वाले युवक ने पहले उसकी बेरहमी से हत्या कर दी और फिर शव को बोरे में बंद कर सुनसान इलाके की झाड़ियों में फेंक आया। वारदात के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पत्नी के लापता होने की कहानी गढ़कर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा, लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे उसका झूठ ज्यादा देर तक नहीं टिक सका।पुलिस के अनुसार आरोपी अल्ताफ अपनी पत्नी यासमीन और दो छोटे बच्चों के साथ चिनहट क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। परिवार का पालन-पोषण करने के लिए वह सब्जी बेचने का काम करता था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। आरोपी को अपनी पत्नी पर शक था, जिस कारण घर में आए दिन कहासुनी होती रहती थी।जांच में सामने आया कि 13 मई की रात दोनों के बीच विवाद फिर बढ़ गया। गुस्से में आकर आरोपी ने पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए उसने शव को बोरे में बंद किया और इंदिरा नहर के पास झाड़ियों में फेंक दिया। इसके बाद आरोपी सामान्य व्यवहार करता रहा और अगले दिन खुद ही थाने पहुंचकर पत्नी की गुमशुदगी दर्ज करा दी, ताकि किसी को उस पर शक न हो।हालांकि पुलिस को आरोपी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। वह लगातार बयान बदल रहा था और थाने के आसपास घूमता दिखाई दे रहा था। इसी दौरान मृतका के मायके पक्ष को आरोपी की बहन के माध्यम से घटना की जानकारी मिली। इसके बाद परिजन तुरंत थाने पहुंचे और अल्ताफ पर हत्या का आरोप लगाया।पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पहले तो वह पुलिस को भटकाने की कोशिश करता रहा, लेकिन सख्ती बढ़ने पर टूट गया और पूरी वारदात कबूल कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने झाड़ियों से महिला का शव बरामद कर लिया। शव को परीक्षण के लिए भेज दिया गया है।घटना के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है। दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।