मुजफ्फरनगर। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और लगातार बढ़ती जाम की समस्या को देखते हुए गुरुवार को यातायात पुलिस ने बड़े स्तर पर अभियान चलाया। मुख्य बाजारों और व्यस्त मार्गों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटवाए और गलत ढंग से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की। अभियान के दौरान 155 वाहनों पर जुर्माना लगाए जाने से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर यातायात पुलिस की टीम सुबह से ही शहर के प्रमुख बाजारों में सक्रिय दिखाई दी। मालवीय चौक से लेकर अंसारी मार्ग, घास मंडी, नोवेल्टी चौक और शिव चौक तक पुलिस ने सड़क किनारे रखे सामान, ठेले और अवैध कब्जों को हटवाया। कई स्थानों पर सड़क तक फैले अस्थायी अतिक्रमण के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, जिसे अभियान चलाकर साफ कराया गया।इसके साथ ही पुलिस ने बिना अनुमति सड़क किनारे खड़े वाहनों पर भी सख्ती दिखाई। मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में गलत तरीके से खड़े वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 155 वाहनों के चालान किए गए। पुलिस की कार्रवाई देखकर कई वाहन चालक जल्दबाजी में अपने वाहन हटाते दिखाई दिए।यातायात अधिकारियों ने कहा कि शहर को जाम मुक्त और व्यवस्थित बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने व्यापारियों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण करने से आम जनता को परेशानी होती है और यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है।अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया। अधिकारियों ने कहा कि नियमों का पालन करने से न केवल जाम की समस्या कम होगी, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं पर भी प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा। शहरवासियों ने भी मुख्य बाजारों में हुए अभियान के बाद राहत महसूस की और प्रशासन की कार्रवाई को जरूरी बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group