मुजफ्फरनगर। जनपद के भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों और सैनिक आश्रितों की समस्याओं के समाधान के लिए 19 मई को जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न रोगों की जांच और परामर्श दिया जाएगा।जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल संजीव चौहान ने बताया कि 19 मई 2026 को प्रातः 11 बजे कार्यालय जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास, मुजफ्फरनगर में भूतपूर्व सैनिकों, सैनिक आश्रितों और शहीद सैनिकों की पत्नियों की समस्याओं को सुनने के लिए बैठक आयोजित की जा रही है। उन्होंने सभी संबंधित लोगों से समय पर उपस्थित होकर अपनी समस्याएं लिखित रूप में प्रस्तुत करने की अपील की है।बैठक में भूमि विवाद, पुलिस सुरक्षा, बैंक ऋण, पेंशन, शिक्षा, चिकित्सा सहायता, आर्थिक अनुदान समेत अन्य समस्याओं के समाधान पर चर्चा की जाएगी। अधिकारियों द्वारा मौके पर ही समस्याओं के निस्तारण का प्रयास किया जाएगा।इसके अलावा मेरठ के एक बहु-विशेषज्ञ चिकित्सालय के सहयोग से निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा। शिविर में हृदय रोग, तंत्रिका रोग और फेफड़ों से संबंधित बीमारियों के विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद रहेंगे। साथ ही रक्त शर्करा, रक्तचाप और हृदय जांच जैसी सुविधाएं भी निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।जिला सैनिक कल्याण विभाग ने जनपद के सभी भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य शिविर और बैठक का लाभ उठाने की अपील की है।