मुजफ्फरनगर। तहसील खतौली में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को मंडलायुक्त सहारनपुर डॉ. रुपेश कुमार, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने आमजन की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों को लंबित रखने या निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों ने भूमि विवाद, राजस्व, पुलिस, महिला उत्पीड़न तथा अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करने और निर्धारित समय सीमा में शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिला अपराध से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने पर भी जोर दिया गया।इस दौरान अधिकारियों ने साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों को जागरूक किया तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की सलाह दी। वहीं विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए कैंपों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।मंडलायुक्त डॉ. रुपेश कुमार ने तहसील स्तर पर लंबित वादों और धारा-34 के मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने समाधान दिवस रजिस्टर का निरीक्षण कर शिकायतकर्ताओं से फीडबैक भी लिया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 50 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने एक लाभार्थी को सौर ऊर्जा पैनल भी वितरित किया। साथ ही मंडलायुक्त ने 21 मई तक चल रहे स्व-गणना अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि नागरिक स्वयं पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज करें, जिससे आगामी जनगणना कार्य को सरल और प्रभावी बनाया जा सके।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, उप जिलाधिकारी खतौली, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, तहसीलदार खतौली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।