गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान गंभीर बीमारियों से जूझ रहे कई परिवार आर्थिक सहायता की उम्मीद लेकर पहुंचे, जिनसे मुख्यमंत्री ने व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।सुबह आयोजित जनता दर्शन में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें और समस्याएं लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री स्वयं लोगों के बीच जाकर उनसे मिले और एक-एक प्रार्थना पत्र को गंभीरता से देखा। उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी शिकायत को हल्के में न लिया जाए और सभी मामलों का समयबद्ध तथा निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।कार्यक्रम के दौरान कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे। एक महिला ने अपने बीमार बच्चे के इलाज में आ रही आर्थिक परेशानियों और आयुष्मान कार्ड न बनने की समस्या मुख्यमंत्री के सामने रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने महिला को आश्वस्त करते हुए कहा कि बच्चे के इलाज में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को तुरंत आयुष्मान कार्ड बनवाने और मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने इलाज से जुड़े अन्य मामलों में भी अधिकारियों से कहा कि मरीजों के उपचार का अनुमानित खर्च जल्द तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि आर्थिक सहायता जारी करने में देरी न हो। जनता दर्शन में आए कई फरियादियों ने जमीन कब्जाने, दबंगई और अपराध से जुड़ी शिकायतें भी मुख्यमंत्री के सामने रखीं। इन मामलों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराधियों और भू-माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए तथा पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाया जाए।जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री का संवेदनशील और आत्मीय व्यवहार भी देखने को मिला। कुछ महिलाएं अपने छोटे बच्चों को लेकर पहुंची थीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को स्नेहपूर्वक दुलारा, उनसे बातचीत की और चॉकलेट देकर आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री के इस व्यवहार से वहां मौजूद लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया।गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान लोगों की भारी भीड़ उमड़ी रही और फरियादी अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद के साथ मुख्यमंत्री से मिलते नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group