लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश की छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार जल्द ही हजारों छात्राओं को मुफ्त इलेक्ट्रिक स्कूटी उपलब्ध कराने जा रही है। “रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना” के तहत प्रदेश की मेधावी बेटियों को यह सुविधा दी जाएगी, जिसके लिए शासन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।सरकारी सूत्रों के अनुसार योजना के प्रथम चरण में करीब 70 हजार छात्राओं को इलेक्ट्रिक स्कूटी वितरित किए जाने की तैयारी है। इसके लिए सरकार पहले ही लगभग 400 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित कर चुकी है। योजना का उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षित और सुलभ परिवहन उपलब्ध कराने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा देना है। इसी वजह से पेट्रोल स्कूटी की जगह इलेक्ट्रिक स्कूटी देने का निर्णय लिया गया है।उच्च शिक्षा विभाग ने प्रदेश के विश्वविद्यालयों, डिग्री कॉलेजों और तकनीकी संस्थानों से स्नातक एवं परास्नातक अंतिम वर्ष की पात्र छात्राओं का रिकॉर्ड जुटाना शुरू कर दिया है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक पात्रता सूची तैयार होने के बाद वितरण प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा। माना जा रहा है कि आगामी कुछ महीनों में छात्राओं को स्कूटी वितरण कार्यक्रम शुरू कर दिया जाएगा।सरकार ने स्पष्ट किया है कि योजना का लाभ पारदर्शी तरीके से सभी वर्गों की छात्राओं को मिलेगा। आरक्षण व्यवस्था के तहत सामान्य, ओबीसी, एससी, एसटी, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग वर्ग की छात्राओं के लिए अलग-अलग कोटा निर्धारित किया जाएगा, ताकि किसी भी वर्ग की पात्र छात्रा योजना से वंचित न रहे।शासन स्तर पर योजना की निगरानी के लिए विशेष समितियां भी गठित की गई हैं, जो पात्रता, चयन प्रक्रिया और स्कूटी की गुणवत्ता से जुड़े मानकों को तय कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस योजना से विशेष रूप से ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों की छात्राओं को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें रोजाना कॉलेज आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group