मेरठ। गंगानगर क्षेत्र स्थित आईआईएमटी यूनिवर्सिटी में बुधवार सुबह एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई। यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल की छत से गिरने के बाद छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिसर में अफरा-तफरी मच गई और छात्राओं में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।मृतक छात्रा की पहचान अनु गुप्ता के रूप में हुई है, जो एमबीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। वह सहारनपुर जनपद की रहने वाली बताई गई है और यूनिवर्सिटी के सरोजनी नायडू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी।जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे हॉस्टल परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक छात्रा का शव हॉस्टल के नीचे बने जिम के पास खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। सबसे पहले हॉस्टल में कार्यरत एक महिला कर्मचारी की नजर छात्रा पर पड़ी, जिसके बाद उसने तुरंत अन्य छात्राओं और यूनिवर्सिटी प्रशासन को सूचना दी।

देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।बताया गया कि छात्रा सिर के बल नीचे गिरी थी, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। खून से लथपथ हालत में पड़ी छात्रा की स्थिति बेहद भयावह थी। सूचना मिलने पर थाना गंगानगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस अधिकारियों ने हॉस्टल परिसर का निरीक्षण करने के साथ ही वहां मौजूद छात्राओं और स्टाफ से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके।फिलहाल पुलिस यह स्पष्ट नहीं कर पाई है कि छात्रा की मौत हादसे के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति साफ हो सकेगी।घटना के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में शोक की लहर दौड़ गई है। छात्राओं में भय और चिंता का माहौल है, जबकि परिजनों को सूचना देकर मेरठ बुला लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group