मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी कारोबारियों के कार्यालयों पर फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। वाहन बरामदगी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को पुलिस ने मौके से दबोचकर अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, घटना में प्रयुक्त लग्जरी वाहन और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।जानकारी के अनुसार माधवपुरम निवासी मनोज कुमार गोयल ने ब्रह्मपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 16 मई की रात कुछ बदमाशों ने माधवपुरम सेक्टर-1 स्थित ओम प्रॉपर्टी और महादेव प्रॉपर्टी टूर एंड ट्रैवल्स कार्यालय पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। गोली लगने से दोनों कार्यालयों के शटर और शीशे क्षतिग्रस्त हो गए थे। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की टाटा हैरियर कार को चिन्हित किया गया। जांच के दौरान अंकित भारद्वाज उर्फ गुड्डू पंडित, नितिन राणा और चीकू उर्फ पिस्टल के नाम सामने आए, जिसके बाद पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत ब्रह्मपुरी पुलिस ने मुख्य आरोपी अंकित भारद्वाज उर्फ गुड्डू पंडित निवासी दुल्हैड़ा चौहान, थाना पल्लवपुरम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में प्रयुक्त वाहन को नूरनगर कट के पास खड़ा होना बताया। पुलिस टीम जब आरोपी को साथ लेकर वाहन बरामद करने पहुंची तो उसने अचानक गाड़ी के डैशबोर्ड से तमंचा निकालकर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।अचानक हुई फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने मोर्चा संभालते हुए आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से 315 बोर का तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस, टाटा हैरियर कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास बेहद गंभीर है। उसके खिलाफ हत्या, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, दंगा, आगजनी, मारपीट और आपराधिक साजिश जैसे मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब फरार अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group