मुजफ्फरनगर। जनपद स्तर पर किसान दिवस का आयोजन बुधवार को जिला पंचायत सभा कक्ष में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न गांवों से पहुंचे किसानों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं तथा कृषि एवं उससे जुड़े विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।बैठक में किसानों को पिछले किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की जानकारी दी गई। साथ ही कृषि विभाग एवं संबंधित विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। किसान दिवस के दौरान गन्ना भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठा, जिस पर किसानों ने बकाया भुगतान शीघ्र दिलाने की मांग की। इस पर जिला गन्ना अधिकारी ने किसानों को आश्वस्त करते हुए गन्ना भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा नई प्रजाति के गन्ने की बुवाई के संबंध में जानकारी दी।ग्राम पिनना निवासी सुमित मलिक ने पेपर मिलों से फैल रहे प्रदूषण और कचरा जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग उठाई। इस पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण की सॉफ्ट कॉपी जन शिकायत मोबाइल ऐप पर अपलोड की जाए तथा हार्ड कॉपी उप कृषि निदेशक कार्यालय में उपलब्ध कराई जाए।अपर जिलाधिकारी ने आगामी किसान समाधान दिवस में सभी संबंधित अधिकारियों को समय से उपस्थित रहने के निर्देश भी दिए। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों एवं किसानों का आभार व्यक्त करते हुए किसान दिवस का समापन किया गया।