नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में बुधवार देर रात हुए दोहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर एक महिला और उसके किशोर बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी घर में रखी लाखों रुपये की नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई।घटना दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी थाना क्षेत्र की गली नंबर-10 की है। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय शारदा और उनके 14 वर्षीय बेटे खुशाल के रूप में हुई है। बताया गया कि परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले का रहने वाला है और पिछले करीब 15 वर्षों से दिल्ली में रह रहा था। परिवार का मुखिया सब्जी कारोबार से जुड़ा है और साप्ताहिक बाजारों में दुकान लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता है।जानकारी के अनुसार, महिला का पति बुधवार रात बाजार से वापस घर लौटा तो घर के अंदर का दृश्य देखकर सन्न रह गया। रसोईघर में पत्नी और बेटे के शव खून से लथपथ हालत में पड़े थे। दोनों पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।परिजनों का आरोप है कि बदमाश घर से करीब 10 से 12 लाख रुपये की नकदी के अलावा सोने-चांदी के आभूषण भी साथ ले गए हैं। पुलिस शुरुआती जांच में लूटपाट के बाद हत्या की आशंका मानकर जांच आगे बढ़ा रही है। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के खुलासे के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और संदिग्धों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं ने राजधानी में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group