मीरापुर। मीरापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस और एक वांछित बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में कैंटर लूटकांड का आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, नकदी, मोबाइल फोन, पैन कार्ड और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल बदमाश की पहचान वाहिद पुत्र यासीन निवासी ग्राम ललियाना थाना किठौर जनपद मेरठ के रूप में हुई है।क्षेत्राधिकारी जानसठ ऋषिका सिंह ने बताया कि बीती 26 मार्च 2026 की रात मीरापुर-खतौली मार्ग पर कैंटर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। इस मामले में पुलिस पूर्व में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि वाहिद घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।गुरुवार को मीरापुर पुलिस संभलहेड़ा गंग नहर पटरी मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से उसे दबोच लिया।घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी ऋषिका सिंह मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम से जानकारी ली। घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।थाना प्रभारी राजीव शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा था। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ ही मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group