मुजफ्फरनगर । साइबर अपराधियों ने अब ग्रामीण क्षेत्रों को भी अपना निशाना बनाना शुरू कर दिया है। जानसठ कोतवाली क्षेत्र के गांव मकसूदाबाद निवासी एक ग्रामीण के बैंक खाते से शातिर ठगों ने 80 हजार रुपये की रकम पार कर दी। खाते से लगातार रुपये निकलने के संदेश मोबाइल पर आने के बाद पीड़ित के होश उड़ गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए कार्रवाई की मांग की है।गांव मकसूदाबाद निवासी लियाकत पुत्र शौकत का स्थानीय बैंक शाखा में खाता है। बताया गया कि वह अपने कार्य में व्यस्त था, तभी उसके मोबाइल फोन पर खाते से धनराशि कटने के लगातार संदेश आने लगे। जब उसने खाते की जानकारी जांची तो पता चला कि अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 80 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं। पीड़ित के अनुसार उसने किसी को ओटीपी अथवा बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं की थी।घटना के बाद लियाकत बैंक शाखा पहुंचा और अधिकारियों को मामले से अवगत कराया, लेकिन उसे कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका। इसके बाद पीड़ित ने जानसठ कोतवाली पहुंचकर तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की।पुलिस ने पीड़ित से बैंक स्टेटमेंट व अन्य तकनीकी साक्ष्य लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला साइबर ठगी का माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर सेल की मदद से ट्रांजैक्शन से जुड़े तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।