मुजफ्फरनगर। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आपात स्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में पुलिस विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है। बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने डायल-112 सेवा के लिए 12 नई हाईटेक बाइक पीआरवी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन आधुनिक दोपहिया वाहनों के संचालन से शहर के भीड़भाड़ वाले बाजारों, तंग गलियों और ट्रैफिक प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित हो सकेगी।पुलिस अधिकारियों के अनुसार अब तक कई स्थानों पर चारपहिया पीआरवी वाहनों को संकरी गलियों और जाम वाले क्षेत्रों में पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ता था, जिससे घटनास्थल तक पहुंचने में विलंब होता था। नई बाइक पीआरवी व्यवस्था लागू होने के बाद पुलिस का रिस्पांस टाइम कम होगा और आपात सूचना पर तत्काल कार्रवाई संभव हो सकेगी।इस अवसर पर एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा कि यूपी-112 सेवा आमजन और पुलिस प्रशासन के बीच भरोसे की मजबूत कड़ी है। उन्होंने तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक सूचना को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लिया जाए तथा पीड़ित व्यक्ति को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा, सड़क दुर्घटना, चोरी, झगड़ा अथवा अन्य किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित उपस्थिति जनता में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाती है।नई बाइक पीआरवी अत्याधुनिक तकनीकी सुविधाओं से सुसज्जित हैं। इनमें जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, वायरलेस संचार उपकरण तथा प्राथमिक उपचार किट उपलब्ध कराई गई है। कंट्रोल रूम के माध्यम से इन वाहनों की लोकेशन पर लगातार निगरानी रखी जा सकेगी, जिससे निकटतम बाइक को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया जा सकेगा। पुलिस विभाग का मानना है कि यह व्यवस्था अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने में सहायक सिद्ध होगी।फ्लैग ऑफ कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, प्रतिसार निरीक्षक उदल सिंह, डायल-112 प्रभारी ओमप्रकाश सिंह सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group