मुजफ्फरनगर। जनपद में साइबर अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर गाड़ी में साइबर ठगों ने एक बुजुर्ग के बैंक खाते से दस हजार रुपये निकालकर सनसनी फैला दी। पीड़ित को घटना की जानकारी उस समय हुई जब सुबह मोबाइल पर बैंक से संबंधित संदेश दिखाई दिए। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।गांव रसूलपुर गाड़ी निवासी मुर्तजा पुत्र मोहम्मद अब्बास का पंजाब नेशनल बैंक की मीरापुर शाखा में खाता है। बताया गया कि बुधवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनके खाते से दो बार में पांच-पांच हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। वारदात के समय पीड़ित अपने घर में सो रहा था और उसे किसी प्रकार की भनक तक नहीं लगी।सुबह मोबाइल देखने पर खाते से धनराशि कटने के दो संदेश प्राप्त हुए, जिसके बाद पीड़ित के होश उड़ गए। ट्रांजैक्शन की जानकारी खंगालने पर एक भुगतान “कुमार राम” नाम से दिखाई दिया, जबकि दूसरे ट्रांजैक्शन में “अमेजॉन बिल पेमेंट” दर्ज था। पीड़ित ने बताया कि उसने किसी को ओटीपी, एटीएम या बैंक संबंधी कोई जानकारी साझा नहीं की थी और न ही कोई ऑनलाइन खरीदारी की गई थी।घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन एवं ऑनलाइन साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके पश्चात मीरापुर थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी गई। पीड़ित ने पुलिस से धनराशि वापस दिलाने तथा साइबर ठगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।मीरापुर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बैंक ट्रांजैक्शन की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि साइबर सेल की सहायता से संबंधित खातों एवं लेनदेन का विवरण खंगाला जा रहा है। वहीं पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने तथा किसी भी अनजान कॉल, लिंक अथवा ओटीपी साझा न करने की अपील की है।