मुजफ्फरनगर। ककरौली थाना क्षेत्र के गांव खेड़ी फिरोजाबाद में गुरुवार शाम दर्दनाक हादसे में एक किशोर छात्र की नहर में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र बताया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी राशिद का 17 वर्षीय पुत्र मुशीर भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए अपने कुछ दोस्तों के साथ गांव के पास बह रही नहर पर गया था। सभी युवक नहर में नहा रहे थे, तभी अचानक मुशीर का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव के साथ गहरे पानी में चला गया। साथियों ने शोर मचाकर उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही पलों में वह पानी में लापता हो गया।घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय गोताखोरों ने नहर में उतरकर तलाश शुरू की, लेकिन तेज बहाव के कारण काफी देर तक सफलता नहीं मिल सकी। बाद में सिंचाई विभाग को सूचना देकर जौली रेगुलेटर से पानी रुकवाया गया। पानी का स्तर कम होने के बाद घंटों की मशक्कत के बाद किशोर को नहर से बाहर निकाला गया।परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए जौली स्थित एक निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी घटना के बाद गहरा शोक व्याप्त है।बताया गया कि मुशीर बेहड़ा सादात स्थित स्वामी ओमानंद इंटर कॉलेज में कक्षा नौ का छात्र था। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। हालांकि परिजनों ने इसे हादसा बताते हुए पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group