मुजफ्फरनगर। तितावी क्षेत्र के धनसैनी गांव निवासी सेना के जवान के बैंक खाते से 1.16 लाख रुपये संदिग्ध तरीके से दूसरे खातों में पहुंचने का मामला सामने आया है। जवान के खाते से निकली रकम पहले उसके भाई के खाते में पहुंची और इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में स्थानांतरित कर दी गई। मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।बताया गया कि सेना में तैनात सौरव का एक्सिस बैंक में खाता है। सात से 10 सितंबर के बीच उनके खाते से कई बार में कुल 1.16 लाख रुपये का लेनदेन हुआ। बैंक विवरण की जांच में सामने आया कि रकम नेशनल इलेक्ट्रॉनिक फंड ट्रांसफर के माध्यम से उनके भाई गौरव कुमार के इंडियन बैंक खाते में पहुंची थी।इसके बाद गौरव के खाते से भी रकम अलग-अलग खातों में भेजी गई। जिस दौरान यह लेनदेन हुआ, उस समय गौरव का मोबाइल फोन खराब था। इस कारण खाते में होने वाले लेनदेन की सूचना उसे तत्काल नहीं मिल सकी।14 सितंबर को मोबाइल ठीक होने के बाद गौरव ने बैंक खाते की जानकारी देखी तो संदिग्ध लेनदेन का पता चला। इसके बाद दोनों भाइयों ने खाते का विवरण खंगाला, जिसमें रकम कई चरणों में दूसरे खातों में भेजे जाने की जानकारी सामने आई।गौरव ने तितावी थाने में शिकायत देकर पूरे मामले की जांच कराने और रकम वापस दिलाने की मांग की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लेनदेन से जुड़े बैंक खातों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।