मेरठ। शहर के मेडिकल थाना क्षेत्र में देर रात एक महिला स्वास्थ्यकर्मी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के बाहर संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है।मृतका की पहचान अंजलि शर्मा के रूप में हुई है, जो मेडिकल कॉलेज में स्टाफ नर्स के पद पर तैनात थीं। बताया गया कि वह पिछले कुछ समय से अपने मायके में रह रही थीं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।पुलिस जांच में सामने आया है कि अंजलि की जान-पहचान मेडिकल कॉलेज में कार्यरत एक वार्ड बॉय से थी। परिजनों का आरोप है कि युवक लगातार महिला पर शादी का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।घटना के बाद एक ई-रिक्शा के माध्यम से शव को मेडिकल कॉलेज के बाहर छोड़ने की बात सामने आई है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर कुछ संदिग्ध लोगों की पहचान की गई है।मामले में पुलिस ने एक महिला और उसकी मां को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस को कुछ मोबाइल चैट और अन्य साक्ष्य भी मिले हैं, जिनकी गहन जांच की जा रही है।एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले ने बताया कि मामला गंभीर है और हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे। वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।