मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र में पंजाब के ईंट-भट्ठे पर काम दिलाने का झांसा देकर 3.23 लाख रुपये की रकम लेने का मामला सामने आया है। ताजपुर कलां निवासी अमित कुमार ने सात लोगों पर रकम लेने के बाद काम नहीं दिलाने और रुपये वापस मांगने पर धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।अमित कुमार के अनुसार, आरोपितों ने उसे पंजाब के संगरूर और बरनाला क्षेत्र में स्थित ईंट-भट्ठों पर पथेर का काम दिलाने का भरोसा दिया था। काम दिलाने के नाम पर उससे पहले 63 हजार रुपये नकद लिए गए। इसके बाद 14 सितंबर को करीब 2.60 लाख रुपये ऑनलाइन और अग्रिम भुगतान के रूप में लिए गए। पीड़ित का कहना है कि इस तरह उससे कुल 3.23 लाख रुपये ले लिए गए।शिकायत के मुताबिक, काम के लिए पंजाब जाने की तैयारी भी कर ली गई थी। 15 सितंबर को मजदूरों को ले जाने के लिए ट्रक भी बुक कराया गया था, लेकिन इसी बीच आरोपितों ने कथित तौर पर अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए। काफी प्रयास के बाद भी संपर्क नहीं होने पर पीड़ित को अपने साथ ठगी होने का शक हुआ।आरोप है कि बाद में संपर्क होने पर जब अमित कुमार ने अपनी रकम वापस मांगी तो उसके साथ अभद्रता की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने पुलिस को यह भी बताया कि उसके पास लेनदेन से संबंधित ऑनलाइन भुगतान के प्रमाण और वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद हैं।अमित कुमार ने 17 सितंबर को चरथावल थाने में तहरीर देकर पूरे मामले की जांच कराने और रकम वापस दिलाने के साथ आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति और आगे की कानूनी कार्रवाई स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group