मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के माधवपुरम इलाके में सुबह एक बुजुर्ग का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रीन बेल्ट में शव पड़े होने की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक की पहचान माधवपुरम सेक्टर-1 निवासी राजेश अवस्थी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक वह गुरुवार रात घर से निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे। रातभर परिजन उनकी तलाश करते रहे, मगर उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई थी।शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने शालू बकरी के सामने स्थित ग्रीन बेल्ट में एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आसपास के क्षेत्र की जांच शुरू की।पुलिस को घटनास्थल के पास कुछ संदिग्ध सामग्री और उल्टी के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका व्यक्त की जा रही है, हालांकि अधिकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रहे हैं।घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के लोगों में भी घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर बिंदु पर जांच की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।