मुजफ्फरनगर। शहर के सरवट क्षेत्र में शनिवार सुबह एक एटीएम सेंटर के भीतर आग लगने की घटना से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। एटीएम के पिछले हिस्से से अचानक धुआं उठता देख स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी फैल गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर समय रहते आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि एटीएम मशीन और उसमें मौजूद लाखों रुपये की नकदी सुरक्षित बच गई।जानकारी के अनुसार थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित सरवट मुख्य मार्ग पर लगे ‘इंडिया-1’ एटीएम सेंटर से सुबह करीब नौ बजे धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही देर में केबिन के अंदर धुआं भर गया, जिससे आसपास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों में दहशत का माहौल बन गया। लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।सूचना पर फायर सेफ्टी ऑफिसर रामकिशोर यादव दमकल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एटीएम केंद्र का शटर खुलवाया और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। टीम की तत्परता के चलते आग को कुछ ही मिनटों में नियंत्रित कर लिया गया।प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह एटीएम के पीछे बने पावर बैकअप यूनिट में शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। अधिकारियों के अनुसार इलेक्ट्रिकल सेक्शन में रखे इनवर्टर और बैटरियों में तकनीकी खराबी के चलते आग भड़की थी। हालांकि समय रहते कार्रवाई होने से आग मुख्य मशीन तक नहीं पहुंच सकी।घटना के बाद काफी देर तक मौके पर लोगों की भीड़ लगी रही। दमकल विभाग ने बताया कि एटीएम में रखा कैश पूरी तरह सुरक्षित है। वहीं पुलिस और तकनीकी टीम घटना के कारणों की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group