मुजफ्फरनगर। जनपद को शनिवार को नए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के रूप में अनिरुद्ध प्रताप सिंह मिले। कलेक्ट्रेट पहुंचकर उन्होंने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया और जिम्मेदारी संभालते ही प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर स्पष्ट संदेश दे दिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।कार्यभार ग्रहण करने के बाद नवागत एडीएम ने कलेक्ट्रेट की विभिन्न शाखाओं के पटल सहायकों और विभागीय अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता जनता को समय पर राहत और पारदर्शी प्रशासन उपलब्ध कराना है, इसलिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करें।उन्होंने विशेष रूप से राजस्व संबंधी मामलों, लंबित प्रकरणों और जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया। एडीएम ने निर्देश दिए कि आमजन को कार्यालयों में अनावश्यक परेशान न होना पड़े और प्रत्येक प्रकरण को तय समय सीमा के भीतर निपटाया जाए।सूत्रों के अनुसार अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने शहर के विकास, सौंदर्यीकरण और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के संकेत भी दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी कार्य शासन के नियमों और कानूनी दायरे में रहकर पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएं।नवागत एडीएम की कार्यशैली को लेकर प्रशासनिक हलकों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं। माना जा रहा है कि आने वाले समय में कलेक्ट्रेट की कार्यप्रणाली में तेजी और अनुशासन देखने को मिल सकता है।