मुजफ्फरनगर। जनपद में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों की व्यवस्थाओं का रविवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, दवा वितरण व्यवस्था, साफ-सफाई तथा विभिन्न जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।सीएमओ ने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खालापार, कृष्णापुरी, सरवट और रामपुरी पहुंचकर ओपीडी व्यवस्था, टीकाकरण सेवाएं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों तथा संचारी रोग नियंत्रण अभियान की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य मेलों में पहुंचे मरीजों से बातचीत कर उपचार एवं सुविधाओं की जानकारी ली और व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले शासन की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य आमजन को उनके नजदीक गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज का समय से परीक्षण कर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।निरीक्षण के दौरान आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। सीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्रों पर साफ-सफाई बनाए रखने, अभिलेखों का व्यवस्थित रखरखाव करने तथा मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से शासन की मंशा के अनुरूप पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करने को कहा।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group