मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र स्थित एक पॉश कॉलोनी में रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब घर-घर जाकर सामान बेचने पहुंचे दो युवकों को लोगों ने संदिग्ध मानते हुए पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। घटना में दोनों युवक घायल हो गए। मामला सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद चर्चा का विषय बन गया है।जानकारी के अनुसार खतौली क्षेत्र निवासी आमिर मलिक अपने भतीजे जावेद मलिक के साथ वसुंधरा रेजिडेंसी कॉलोनी में बेडशीट बेचने पहुंचे थे। बताया गया कि उन्हें एक ग्राहक द्वारा कॉल कर बुलाया गया था। कॉलोनी में पहुंचने के दौरान दोनों युवक गलती से दूसरे मकान की ओर चले गए, जिससे आसपास के लोगों को उन पर संदेह हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और बिना पुष्टि किए दोनों युवकों को पकड़ लिया गया। आरोप है कि भीड़ ने दोनों के साथ मारपीट की, जिससे वे घायल हो गए। घटना के दौरान कॉलोनी में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।सूचना मिलने पर नई मंडी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को भीड़ से छुड़ाकर अपने कब्जे में लिया। बाद में पुलिस ने पूछताछ के साथ पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में दोनों युवकों के खिलाफ किसी आपराधिक गतिविधि का कोई रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला गलतफहमी का लग रहा है। वायरल वीडियो और अन्य तथ्यों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध स्थिति में स्वयं कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें।