मेरठ। गंगा एक्सप्रेसवे पर लग्जरी गाड़ियों में सवार युवकों द्वारा किए गए हुड़दंग और स्टंटबाजी से यातायात व्यवस्था चरमरा गई। करीब आधे घंटे तक एक्सप्रेसवे पर अराजकता का माहौल बना रहा। युवकों ने सड़क के बीचोंबीच गाड़ियां खड़ी कर फिल्मी अंदाज में स्टंट किए और सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाए। बाद में टोल प्लाजा पर बैरियर तोड़कर बिना शुल्क दिए फरार हो गए। घटना के वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार खरखौदा क्षेत्र में मेरठ की ओर से आए करीब दस थार और स्कॉर्पियो वाहनों के काफिले ने अचानक एक्सप्रेसवे पर रफ्तार धीमी कर सड़क घेर ली। इसके बाद वाहन सवार युवक बीच सड़क गाड़ियों को गोल-गोल घुमाकर स्टंट करने लगे। इस दौरान कई वाहन चालकों को काफी देर तक रुकना पड़ा और एक्सप्रेसवे के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवकों ने बेखौफ होकर मोबाइल फोन से वीडियो शूट किए और तेज आवाज में हूटिंग करते रहे।स्टंटबाजी के बाद काफिला खड़खड़ी टोल प्लाजा पहुंचा, जहां कर्मचारियों ने नियमानुसार टोल टैक्स मांगा। आरोप है कि इस पर युवक भड़क गए और तेज रफ्तार में बैरियर तोड़ते हुए बिना भुगतान किए निकल गए। पूरी घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस आरोपित युवकों की पहचान में जुटी है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार वायरल वीडियो कथित तौर पर मेरठ निवासी चौधरी रूपक गुर्जर के सोशल मीडिया अकाउंट से साझा किए गए हैं। सीओ किठौर प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि टोल प्रबंधन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबरों के आधार पर आरोपितों की तलाश की जा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण के दौरान खरखौदा क्षेत्र के कई गांवों को भारी मुआवजा मिला है। इसके बाद क्षेत्र में लग्जरी वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ी है और कुछ युवाओं में स्टंटबाजी व रील बनाने का शौक भी बढ़ा है। घटना के बाद एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।