मुजफ्फरनगर/खतौली(आकाश तायल)। दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एक ढाबे पर सिगरेट के दाम को लेकर हुए विवाद ने देर रात हिंसक रूप ले लिया। थार और ब्रेजा कारों में सवार युवकों ने ढाबे पर जमकर हंगामा किया, मारपीट की और बाद में लाइसेंसी हथियार से फायरिंग कर दी। गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय स्तर के एक शूटर सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार घटना खतौली क्षेत्र स्थित पंचशील ढाबे की है। देर रात जेवर क्षेत्र के कुछ युवक थार और ब्रेजा कारों में सवार होकर ढाबे पर भोजन करने पहुंचे थे। इसी दौरान सिगरेट के मूल्य को लेकर उनका ढाबा कर्मचारियों से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।आरोप है कि विवाद बढ़ने पर हमलावर पक्ष के विक्रांत नामक युवक ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। गोली एक युवक के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई और मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।ढाबा संचालक नदीम की सूचना पर खतौली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मौके से लाइसेंसी पिस्टल बरामद करने के साथ ही दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि मामले में विक्रांत, गिरीश छोकर, उमेश कुमार और दिनेश कुमार को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से लाइसेंसी हथियार के अलावा करीब 1.30 लाख रुपये की नकदी भी बरामद की गई है। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार विक्रांत राष्ट्रीय स्तर का शूटिंग खिलाड़ी रह चुका है, जबकि उसका एक साथी एक सरकारी अधिकारी के आवास पर कार्यरत बताया जा रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है तथा फायरिंग के पीछे की परिस्थितियों और अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।