मुजफ्फरनगर, 29 मई 26। अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाकर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना की प्रक्रिया शुरू कर दी है। योजना के तहत पात्र अभ्यर्थियों को निशुल्क ओ-लेवल एवं सीसीसी (CCC) कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी शक्ति सरन श्रीवास्तव ने बताया कि प्रशिक्षण भारत सरकार की संस्था नीलिट (राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान) से मान्यता प्राप्त संस्थाओं के माध्यम से कराया जाएगा। योजना का लाभ उन बेरोजगार युवक-युवतियों को मिलेगा जिन्होंने न्यूनतम इंटरमीडिएट उत्तीर्ण किया हो तथा जिनके माता-पिता अथवा अभिभावकों की सभी स्रोतों से वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक न हो।उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण प्रदान करने की इच्छुक संस्थाएं 20 मई से 3 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं, जबकि प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए 16 जून से 10 जुलाई 2026 तक आवेदन की प्रक्रिया खुली रहेगी।ऑनलाइन आवेदन के बाद संस्थाओं को आवेदन पत्र की हस्ताक्षरित हार्ड कॉपी आवश्यक अभिलेखों सहित 3 जून 2026 सायं 5 बजे तक जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय में जमा करानी होगी। वहीं अभ्यर्थियों को अपने आवेदन पत्र एवं आवश्यक दस्तावेजों की हार्ड कॉपी 10 जुलाई 2026 सायं 5 बजे तक कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा।जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षण संस्थाओं का चयन निदेशक, पिछड़ा वर्ग कल्याण की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा किया जाएगा, जबकि अभ्यर्थियों का चयन जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली जनपदीय चयन समिति के माध्यम से किया जाएगा।उन्होंने कहा कि योजना से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता, समय-सारिणी एवं आवेदन प्रक्रिया विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है। इच्छुक अभ्यर्थी एवं संस्थाएं अधिक जानकारी के लिए जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, विकास भवन, मेरठ रोड, मुजफ्फरनगर से संपर्क कर सकते हैं।