मुजफ्फरनगर, 31 मई 26। युवाओं को फर्जी शैक्षिक प्रमाण-पत्रों के सहारे नौकरी दिलाने वाले एक संगठित गिरोह का ककरौली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुजफ्फरनगर और मेरठ में कार्रवाई करते हुए गिरोह से जुड़े 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में फर्जी डिप्लोमा, अंकपत्र, पंजीकरण प्रमाण-पत्र, कंप्यूटर, प्रिंटर, लेमिनेशन मशीन, मोबाइल फोन और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत ककरौली थाना पुलिस जटवाड़ा चौकी क्षेत्र में नहर पटरी पर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले कुछ लोग क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर पांच आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस टीम ने मेरठ पहुंचकर न्यूटिमा अस्पताल और हिम्स अस्पताल से गिरोह से जुड़े पांच अन्य लोगों को भी हिरासत में ले लिया।पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह पिछले लगभग डेढ़ वर्ष से नर्सिंग एवं प्रसूति सेवा से संबंधित फर्जी डिप्लोमा, पंजीकरण प्रमाण-पत्र और अंकपत्र तैयार कर रहा था। दस्तावेजों को असली स्वरूप देने के लिए उन पर क्यूआर कोड भी अंकित किए जाते थे, जिससे सामान्य जांच में उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाती थी।जांच अधिकारियों के अनुसार गिरोह फर्जी दस्तावेज तैयार करने के लिए चार हजार रुपये तक वसूलता था, जबकि इन्हें एजेंटों के माध्यम से 25 हजार रुपये तक में बेचकर भारी मुनाफा कमाया जाता था। गिरोह का नेटवर्क कई जिलों और राज्यों तक फैला होने की आशंका जताई जा रही है।पूछताछ में यह तथ्य भी सामने आया है कि गिरोह ने कई युवकों और महिलाओं को बिना वैध शैक्षिक योग्यता के विभिन्न राज्यों में नर्सिंग देखभाल से जुड़े पदों पर नियुक्ति दिलाई। प्रारंभिक जांच में एक दर्जन से अधिक लोगों द्वारा फर्जी प्रमाण-पत्रों के आधार पर नौकरी प्राप्त करने की जानकारी मिली है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि पूरे प्रकरण की गहन जांच के लिए विशेष जांच दल गठित किया जा रहा है। गिरोह के अन्य सदस्यों, आर्थिक लेनदेन और फर्जी प्रमाण-पत्रों के माध्यम से नौकरी पाने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।