सहारनपुर। नकुड़ थाना क्षेत्र के कस्बा अंबेहटा में सोमवार को दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज हत्या ने पूरे इलाके को दहला दिया। कस्बे के प्रतिष्ठित व्यापारी संजय मित्तल की पत्नी पूनम मित्तल की उनके ही घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई। बदमाशों ने धारदार हथियार से उनका गला रेत दिया और दोनों कान काटकर सोने के कुंडल लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद घर में रखी अलमारी भी खुली मिली, जिससे नकदी और जेवरात ले जाने की आशंका जताई जा रही है।जानकारी के अनुसार संजय मित्तल अंबेहटा के मुख्य बाजार में जनरल स्टोर एवं स्पेयर पार्ट्स के कारोबारी हैं। उनका आवास दुकान से कुछ दूरी पर स्थित है। उनका पुत्र वैभव मित्तल मुजफ्फरनगर में स्पेयर पार्ट्स निर्माण इकाई तथा फर्नीचर शोरूम संचालित करता है और अपने परिवार के साथ वहीं रहता है। घर में संजय मित्तल और उनकी पत्नी पूनम मित्तल ही रहते थे।बताया गया कि सोमवार दोपहर संजय मित्तल ने अपनी पत्नी से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया था, लेकिन बात नहीं हो सकी। शाम करीब चार बजे उनके मोबाइल पर पत्नी के नंबर से कॉल आई। उन्होंने कई बार आवाज लगाई, लेकिन दूसरी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। केवल हल्की-सी हलचल महसूस होने पर उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद वह तत्काल एक चिकित्सक को साथ लेकर घर पहुंचे।घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला। भीतर पहुंचने पर बेडरूम का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। पूनम मित्तल का शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा था। गले पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। दोनों कान कटे हुए थे और उनमें पहने गए सोने के कुंडल गायब थे। कमरे में खून के छींटे बिखरे हुए थे, जबकि अलमारी का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा मिला।घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय व्यापारी, ग्रामीण और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर पुलिस, फोरेंसिक टीम तथा डॉग स्क्वायड ने पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।जांच के दौरान पुलिस को ड्राइंगरूम में मिठाई की प्लेट और पानी के दो गिलास मिले हैं। इस तथ्य ने जांच को नई दिशा दे दी है। पुलिस का मानना है कि मृतका ने संभवतः किसी परिचित व्यक्ति को घर में बैठाया था। घर में जबरन प्रवेश के निशान नहीं मिलने से भी किसी करीबी या जानकार व्यक्ति की संलिप्तता की आशंका प्रबल हो गई है।घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला के गले पर धारदार हथियार से किए गए गंभीर घाव पाए गए हैं। मामले की हर पहलू से जांच कराई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।एसएसपी ने बताया कि घटना के शीघ्र अनावरण के लिए छह विशेष टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस, पारिवारिक संबंधों और अन्य संभावित कारणों की गहन जांच कर रही हैं।उधर, घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। विरोध स्वरूप अंबेहटा बाजार बंद कर दिया गया। लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की। क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के खुलासे के लिए तेजी से कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group