मुजफ्फरनगर। तहसील सदर क्षेत्र के लच्छेड़ा में तैनात लेखपाल विजेंद्र कुमार को रिश्वत मांगने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उपजिलाधिकारी सदर द्वारा जारी आदेश में मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।जानकारी के अनुसार भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के तहसील अध्यक्ष अंकित जावला ने तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन के दौरान एक शिकायत दी थी। शिकायत के साथ एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई गई, जिसमें कथित रूप से सरकारी कार्य के बदले रुपये मांगने की बात सामने आई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि रास्ते के विवाद के समाधान के लिए लेखपाल द्वारा पांच हजार रुपये की मांग की गई थी।मामले की प्रारंभिक जांच नायब तहसीलदार से कराई गई। जांच में उपलब्ध ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर प्रथम दृष्टया आरोपों में सत्यता पाए जाने की बात कही गई। इसके बाद उपजिलाधिकारी सदर ने लेखपाल विजेंद्र कुमार को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।निलंबन अवधि में विजेंद्र कुमार को राजस्व निरीक्षक कार्यालय, तहसील सदर से संबद्ध किया गया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए तहसीलदार सदर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।प्रशासन का कहना है कि यदि जांच में आरोप सिद्ध होते हैं तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई शासन की भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति के तहत की गई है।