मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र के गांव सीकरी में एक 16 वर्षीय किशोरी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। साथ ही घर में रखी करीब दो लाख रुपये की नकदी गायब होने की भी शिकायत की गई है।पीड़िता की मां ने भोपा थाने में दी गई तहरीर में बताया कि वह और उसके पति शनिवार को मजदूरी के लिए घर से बाहर गए हुए थे। उस समय उनकी नाबालिग बेटी घर पर अकेली थी। शाम को लौटने पर बेटी घर में नहीं मिली। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका।परिजनों का आरोप है कि गांव निवासी वीशू पुत्र राजू उनकी बेटी को अपने साथ ले गया है। इसके अलावा उन्होंने वीशू के भाइयों नैतिक और शिवा तथा उसकी दादी निर्मला पर भी घटना में सहयोग करने का आरोप लगाया है।परिवार ने बताया कि बेटी की तलाश के दौरान घर की जांच करने पर करीब दो लाख रुपये की नकदी भी गायब मिली। इससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। उन्होंने किशोरी की सुरक्षा को लेकर आशंका जताते हुए पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है।भोपा पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और किशोरी की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।