मुजफ्फरनगर। शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने सख्त रुख अपनाते हुए तीन भवनों को सील कर दिया। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण कराने वालों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान दो व्यावसायिक भवन और एक आवासीय भवन को सील किया गया।एमडीए अधिकारियों के अनुसार विकास क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए और नियमों के विपरीत निर्माण कार्य किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। मंडलायुक्त सहारनपुर एवं एमडीए उपाध्यक्ष प्रणिता ऐश्वर्या के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया।अभियान के तहत सबसे पहले टीम एटूजेड रोड स्थित जन औषधि केंद्र के सामने पहुंची। यहां बिना नक्शा पास कराए दो दुकानों का निर्माण किया जा रहा था। जांच में निर्माण अवैध पाए जाने पर दोनों दुकानों को सील कर दिया गया।इसके बाद प्राधिकरण की टीम कोर्ट रोड पर न्यू नंदी स्वीट्स के निकट पहुंची। यहां एक व्यावसायिक भवन का निर्माण स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किया जा रहा था। नियमों का उल्लंघन मिलने पर इस भवन पर भी सील लगा दी गई।वहीं कम्बल वाला बाग फ्लाईओवर के नीचे एक आवासीय भवन का निर्माण बिना प्राधिकरण की अनुमति के कराया जा रहा था। जांच के बाद इस भवन को भी सील कर दिया गया और निर्माण कार्य रोक दिया गया।अधिकारियों ने बताया कि संबंधित भवन स्वामियों को पहले नोटिस जारी कर जवाब देने का अवसर दिया गया था। निर्धारित समय में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए, जिसके बाद सीलिंग की कार्रवाई अमल में लाई गई।कार्रवाई के दौरान एमडीए के अभियंता, अन्य अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने कहा कि विकास क्षेत्र में अवैध निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। बिना स्वीकृत नक्शे के निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।एमडीए ने लोगों से भवन निर्माण शुरू करने से पहले सभी आवश्यक अनुमतियां लेने की अपील की है, ताकि बाद में किसी प्रकार की कार्रवाई का सामना न करना पड़े। प्राधिकरण का कहना है कि नियमों का पालन कराने के लिए सीलिंग और ध्वस्तीकरण अभियान लगातार जारी रहेगा।