सहारनपुर। नकुड़ थाना क्षेत्र में महिला की हत्या कर कुंडल लूटने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया।जानकारी के अनुसार एक जून को कस्बा अंबेहटापीर के मोहल्ला झाबरी में एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद बदमाश महिला के कानों से कुंडल लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई थी और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना नकुड़ पुलिस और स्वाट व सर्विलांस टीम को लगाया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की।गुरुवार को पुलिस को आरोपियों के संबंध में सूचना मिली। पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो एक आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने लगा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, एक अवैध तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, लूटे गए कुंडल और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ महिला हत्या और लूट की वारदात का सफल खुलासा हो गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group