लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए प्रांतीय पुलिस सेवा (पीपीएस) के 206 पुलिस उपाधीक्षकों (डीएसपी/सीओ) और सहायक पुलिस आयुक्तों (एसीपी) के तबादले कर दिए हैं। शासन की ओर से जारी आदेश के बाद प्रदेश के कई जिलों और पुलिस कमिश्नरेटों में अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।तबादला सूची में लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर और आगरा जैसे बड़े कमिश्नरेटों के एसीपी शामिल हैं। वहीं मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, बागपत, मुरादाबाद और अन्य जिलों में भी पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं।मुजफ्फरनगर में भी कई अधिकारियों की तैनाती बदली गई है। मथुरा से पुलिस उपाधीक्षक गुंजन सिंह को मुजफ्फरनगर भेजा गया है। इसके अलावा लखनऊ कमिश्नरेट से विनय कुमार द्विवेदी को भी पुलिस उपाधीक्षक के रूप में मुजफ्फरनगर में तैनाती मिली है। गौतमबुद्धनगर और कानपुर नगर कमिश्नरेट से क्रमशः राधा रमण सिंह और सुभाष चंद्रा को भी मुजफ्फरनगर भेजा गया है।वहीं मुजफ्फरनगर में तैनात पुलिस उपाधीक्षक देवव्रत बाजपेयी का तबादला शाहजहांपुर तथा रविंद्र प्रताप सिंह का स्थानांतरण प्रतापगढ़ कर दिया गया है।शामली में तैनात सीओ अमर दीप कुमार मौर्य को गाजियाबाद कमिश्नरेट में एसीपी बनाया गया है। सहारनपुर, मेरठ, बागपत और बिजनौर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी अधिकारियों के तबादले किए गए हैं।शासन का कहना है कि प्रशासनिक कार्यकुशलता बढ़ाने और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह व्यापक तबादला अभियान किया गया है। नई तैनाती के बाद अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।पुलिस महकमे में हुए इस बड़े फेरबदल को प्रदेश की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।