मुजफ्फरनगर, 4 जून 26। जिले के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए गए।प्रभारी मंत्री ने जल निगम अधिकारियों से कहा कि जलापूर्ति योजनाओं की पूरी जानकारी जनप्रतिनिधियों को दी जाए और जहां पाइपलाइन या अन्य कार्यों के कारण सड़कें खोदी गई हैं, उन्हें जल्द ठीक कराया जाए। उन्होंने नगर पालिका अधिकारियों को शहर के प्रमुख चौराहों से हटाए गए अतिक्रमण पर लगातार नजर रखने और दोबारा अतिक्रमण न होने देने के निर्देश दिए।बरसात को देखते हुए मंत्री ने नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को नालों और नालियों की साफ-सफाई समय से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं के पहचान पत्र बनाए जाएं और उन्हें वेंडिंग जोन में स्थान दिया जाए।बैठक में अवैध कॉलोनियों, यूरिया वितरण में गड़बड़ी, प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों, गांवों में फैल रही बीमारियों और खराब सड़कों के मामलों पर भी चर्चा हुई। प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उन्होंने कॉलेजों के आसपास नशीले पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा सड़कों पर अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों पर चालान की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।बैठक में अधिकारियों ने बताया कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 5 जून से 21 जून तक जिले में “विकास, सेवा, सुशासन और जनकल्याण” अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत वृक्षारोपण, जनसंपर्क कार्यक्रम, जनकल्याण मेले, मीडिया संवाद, प्रदर्शनी और योग दिवस जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।प्रभारी मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को सफलतापूर्वक और बिना किसी परेशानी के पूरा कराया जाए, ताकि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंच सके।बैठक में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, विधायक राजपाल बालियान, एमएलसी वंदना वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।